रूदौली-सोहावल में जांची व्यवस्थाएं,अयोध्या सीएमओ का स्वास्थ्य केंद्रों में निरीक्षण: मरीजों से पूछा भोजन का फीडबैक

अयोध्या के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील कुमार बानियान ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रूदौली और सोहावल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों केंद्रों की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखी।

रूदौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. बानियान ने आकस्मिक सेवा, लेबर रूम, और ऑपरेशन कक्ष की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पोस्ट ऑफ कक्ष और नर्स ड्यूटी रूम की स्थिति देखी। जननी सुरक्षा योजना वार्ड में भर्ती मरीजों से दिन में तीन बार प्रदान किए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था की जानकारी ली। इसके अलावा, जनरल वार्ड की स्थिति का आकलन किया और गर्मी से बचाव के लिए बनाए गए कोल्ड रूम तथा औषधि स्टोर की जांच की।




इसके पश्चात सीएमओ सोहावल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने सभी विभागों का निरीक्षण किया। यहां भी जेएसवाई वार्ड में भर्ती मरीजों से भोजन व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश चौधरी, डीपीएम राम प्रकाश पटेल, डीसीपीएम अमित कुमार, और डिस्ट्रिक्ट एआरओ प्रवीण त्रिपाठी सहित दोनों स्वास्थ्य केंद्रों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

डॉ. बानियान ने निरीक्षण के दौरान स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर संतुष्टि जताई, साथ ही कर्मचारियों को मरीजों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि है, और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी